16 December 2011

Latest UPTET News : इलाहाबाद : शैक्षिक ताने-बाने में उतार-चढ़ाव का पैमाना बना यूपीटीईटी

इलाहाबाद : शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रदेश के शैक्षिक ताने-बाने में उतार-चढ़ाव का पैमाना भी साबित हुई है। जो जिले या मंडल अभी तक शैक्षिक दृष्टि से पिछड़े समझे जाते रहे हैं, उन्होंने टॉप टेन में उपस्थिति दर्ज कराकर सभी को चौंकाया है, जबकि बनारस जैसे जिले को 12वें स्थान पर संतोष करना पड़ा। इसी के बगल के मीरजापुर मंडल ने टॉप टेन में शामिल होकर झंडा फहराया है। मीरजापुर मंडल के दो जिले मीरजापुर व सोनभद्र न सिर्फ नक्सल प्रभावित हैं, बल्कि आर्थिक, शैक्षिक व सामाजिक दृष्टि से भी पिछड़े माने-जाते हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की 13 नवंबर को सम्पन्न शिक्षक पात्रता परीक्षा में प्राथमिक स्तर में 2,70,806 अभ्यर्थी व उच्च प्राथमिक में कुल 2,09,789 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
यदि सफलता का प्रतिशत मंडलवार देखें तो प्राथमिक स्तर में लखनऊ मंडल के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन श्रेष्ठ रहा है। यहां 28,923 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिसमें से 14,997 पुरुष व 13926 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। सफलता का कुल प्रतिशत 54.37 रहा है। दूसरा स्थान सहारनपुर का रहा है। सहारनपुर में 5258 पुरुष व 4830 महिला अभ्यर्थी सफल हुई हैं। सफलता का प्रतिशत 50.52 रहा है। मेरठ में 10,439 पुरुष व 14,112 महिलाएं सफल हुई हैं, पास प्रतिशत 50.34 रहा है। इसी तरह बरेली में 7316 पुरुष व 4798 महिलाएं सफल हुई हैं। पास प्रतिशत 48.40 रहा है। इलाहाबाद सफलता के प्रतिशत के हिसाब से पांचवें स्थान पर है। यहां कुल 26,518 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिसमें से 18,953 पुरुष व 7,565 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। सफलता का प्रतिशत 48.34 रहा है। कानपुर में 13,786 पुरुष व 12,589 महिला अभ्यर्थी सफल हुई हैं। सफलता का प्रतिशत 47.24 रहा है। अपेक्षाकृत आर्थिक व सामाजिक रूप से पिछड़ा माना जाने वाला मंडल फैजाबाद, मिर्जापुर, गोरखपुर व देवीपाटन का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। फैजाबाद में 15,804 अभ्यर्थी सफल रहे, जिसमें से 10,967 पुरुष व 4,837 महिलाएं शामिल हैं। कुल पास प्रतिशत 46.49 रहा है। मीरजापुर में 4,103 पुरुष व 1,478 महिला अभ्यर्थी सफल हुई हैं, पास प्रतिशत 46.42 रहा है।

ShareThis