23 March 2012

Latest UTTAR PRADESH News : धौलपुर से गहरा नाता रहा अखिलेश यादव का

धौलपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप की कमान संभालने जा रहे अखिलेश यादव का धौलपुर (राजस्थान) से गहरा जुड़ाव रहा है। धौलपुर के राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में 12वीं तक पढ़ाई के दौरान अखिलेश धौलपुर में ही रहे। वहीं बीते राजस्थान विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने धौलपुर में सपा प्रत्याशी के लिए प्रचार भी किया।

अखिलेश के यूपी के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा पर जनपद के उनके पुराने साथियों तथा युवाओं में खुशी का आलम है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को सत्ता के शिखर तक ले जाने के लिए राजनीतिक गलियारों में अखिलेश यादव की जय जयकार हो रही है।

आज अखिलेश एक कुशल राजनीतिक और युवाओं की पसंद के रूप में उभरे हैं। बहुत कम लोग ही यह जानते हैं कि अखिलेश यादव अपनी पढ़ाई के दिनों में भी अपने साथियों तथा सीनियर के बीच में खासे लोकप्रिय रहे हैं। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल के प्रवक्ता प्रभुदयाल जाटव बताते हैं कि अखिलेश यादव ने धौलपुर के राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में वर्ष 1983 में 13 जुलाई को छठवीं कक्षा में दाखिला लिया था। करीब 10 साल के अखिलेश को उस समय कैडेट और स्कालर नंबर 1108 मिला था। अखिलेश धौलपुर मिलिट्री स्कूल में वर्ष 1990 में 12वीं कक्षा तक रहे। इसके बाद वे मैसूर चले गए, जहां से उन्होंने बीटैक किया।

उन्होंने बताया कि अखिलेश अपने राजनीतिक जीवन से समय निकाल कर धौलपुर आते रहे हैं। आगरा और लखनऊ में भी स्कूल के स्टाफ और पूर्व छात्रों को बुलाते रहे हैं। अखिलेश के सीनियर और हाउस मेट राजवीर सिंह बताते हैं कि अखिलेश वर्ष 1988 तक उनके साथ में उदयभानु हाउस में रहे। अखिलेश को दिखावा पसंद नहीं था। बडे़ राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद अखिलेश एक आम छात्र की तरह ही रहते थे।

राजवीर ने बताया कि अखिलेश को फुटबाल खेलना पसंद है। वह फुटबाल के एक अच्छे खिलाड़ी हैं। यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचार तथा झांसी, आगरा और फैजाबाद में रोड शो के दौरान अखिलेश के साथ रहे राजवीर बताते हैं कि आम छात्र से लेकर यूपी की सत्ता पर काबिज होने तक अखिलेश के स्वभाव में कोई परिवर्तन नहीं आया है। एक राजनीतिक के तौर पर अखिलेश यादव वर्ष 2008 में राजस्थान विधानसभा चुनाव में भी सपा की प्रत्याशी मिथलेश शर्मा के चुनाव प्रचार में धौलपुर आ चुके हैं। अखिलेश के यूपी के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद से उनके साथी पूर्व छात्र खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में अखिलेश राजनीति के कई उच्च शिखरों तक अवश्य पहुंचेंगे।

No comments:

ShareThis